[1] याहवेह का स्तवन करो. याहवेह की महिमा का स्तवन करो; तुम, जो याहवेह के सेवक हो, उनका स्तवन करो.
[2] तुम, जो याहवेह के आवास में सेवारत हो, जो परमेश्वर के आवास के आंगनों में सेवारत हो.
[3] याहवेह का स्तवन करो क्योंकि याहवेह धन्य हैं; उनकी महिमा का गुणगान करो, क्योंकि यह सुखद है.
[4] याहवेह को यह उपयुक्त लगा, कि वह याकोब को अपना बना लें, इस्राएल को अपनी अमूल्य संपत्ति के लिये चुन लिया है.
[5] मैं यह जानता हूं कि याहवेह सर्वश्रेष्ठ हैं, हमारे परमेश्वर समस्त देवताओं से महान हैं.
[6] याहवेह वही करते हैं जो उनकी दृष्टि में उपयुक्त होता है, स्वर्ग में तथा पृथ्वी पर, समुद्रों में तथा उनकी गहराइयों में.
[7] पृथ्वी के छोर से उन्हीं के द्वारा बादल उठाए जाते हैं; वही वृष्टि के साथ बिजलियां उत्पन्न करते हैं तथा अपने भण्डार-गृहों से हवा को प्रवाहित कर देते हैं.
[8] उन्होंने मिस्र के पहिलौठों की हत्या कि, मनुष्यों तथा पशुओं के पहिलौठों की.
[9] उन्हीं ने, हे मिस्र, तुम्हारे मध्य अपने आश्चर्य कार्य एवं चमत्कार प्रदर्शित किए, जो फ़रोह और उसके सभी सेवकों के विरुद्ध थे.
[10] उन्हीं ने अनेक राष्ट्रों की हत्या और अनेक शक्तिशाली राजाओं का वध किया.
[11] अमोरियों के राजा सीहोन का, बाशान के राजा ओग का तथा कनान देश के समस्त राजाओं का.
[12] तत्पश्चात उन्होंने इन सबकी भूमि निज भाग स्वरूप दे दी, अपनी प्रजा इस्राएल को, निज भाग स्वरूप.
[13] याहवेह, सदा के लिए है, आपकी महिमा. आपकी ख्याति, याहवेह, पीढ़ी से पीढ़ी स्थायी रहती है.
[14] याहवेह अपनी प्रजा को निर्दोष प्रमाणित करेंगे, वह अपने सेवकों पर करुणा प्रदर्शित करेंगे.
[15] अन्य राष्ट्रों की प्रतिमाएं मात्र स्वर्ण और चांदी हैं, मनुष्यों की हस्तकृति मात्र.
[16] हां, उनका मुख अवश्य रचा गया है, किंतु ये बोल नहीं सकती, उनके आंखें अवश्य रचे गए हैं, किंतु ये देख नहीं सकती.
[17] उनके कान अवश्य रचे गए हैं, किंतु ये सुन नहीं सकते, और न उनके नाक में श्वास है.
[18] इनके समान ही हो जाएंगे इनके निर्माता, साथ ही वे सभी, जो इन पर भरोसा करते हैं.
[19] इस्राएल वंश, याहवेह का स्तवन करो; अहरोन के वंशजों, याहवेह का स्तवन करो;
[20] लेवी के वंशजों, याहवेह का स्तवन करो; तुम सभी, जिनमें याहवेह के प्रति श्रद्धा-भय-भाव है, याहवेह का स्तवन हो.
[21] ज़ियोन से याहवेह का, जो येरूशलेम में निवास करते हैं, स्तवन हो. याहवेह का स्तवन हो.