[1] प्रत्येक व्यक्ति को सरकार के बनाए हुए कानून को मानना चाहिए। इसलिए कि सब प्रकार का अधिकार परमेश्वर की ओर से है, जो भी अधिकारीगण हैं, उन्हें परमेश्वर पिता ही ने नियुक्त किया है।
[2] इसलिए जो कोई अधिकार का विरोध करता है वह परमेश्वर के द्वारा रखे प्रबन्ध का विरोध करता है। जो लोग ऐसा करते हैं, वे सज़ा पाएँगे।
[3] क्योंकि अधिकारी लोग अच्छे काम करने वालों को दण्ड नहीं देते हैं, लेकिन बुरा करने वालों को। क्या तुम अधिकारी के डर के बगैर जीवन बिताना चाहते हो? तो जो कुछ भला है, वह करो और वह तुम्हें शाबाशी देगा।
[4] इसलिए कि वह भलाई करने वालों के लिए परमेश्वर की ओर से तुम्हारा सेवक है। यदि तुम बुरा करते हो, तो डरो, क्योंकि उसको सज़ा देने का अधिकार यों ही नहीं मिला है। वह परमेश्वर पिता का सेवक है ताकि बुरा करने वालों को सज़ा दे।
[5] इसलिए अपने विवेक के कारण तुम्हें अधिकारियों की बात माननी चाहिए, न कि सज़ा के डर से।
[6] इसी कारणवश तुम टैक्स चुकाते हो, क्योंकि वे परमेश्वर के सेवक के रूप में निरन्तर अपनी ज़िम्मेदारी पूरी करते हैं।
[7] इसलिए जिसका जो हक है, उसे दो। जिसे टैक्स देना है उसे टैक्स दो, जिससे डरना चाहिए, उससे डरो। जिसकी इज़्ज़त करनी चाहिए उसकी इज़्ज़त करो।
[8] आपसी प्यार के अलावा और किसी बात के कर्ज़दार न हो। जो दूसरों से प्रेम करता है उसने परमेश्वर के नियमशास्त्र को पूरा कर लिया है।
[9] आज्ञाएँ, जैसे तुम व्यभिचार न करना, हत्या न करना, चुराना नहीं, झूठी साक्षी मत देना, लालच नहीं करना और दूसरी अन्य आज्ञाएँ जो हैं, उन सब का निचोड़ इस में है, "तुम लोगों से उतना प्रेम करो, जितना अपने आप से करते हो"
[10] प्रेम किसी का नुकसान नहीं करता। इसलिए जिसने प्रेम किया उसने परमेश्वर पिता के सारे नियमों का पालन किया।
[11] इसके अलावा तुम जानते हो कि यह समय कठिनाईयों का समय है और तुम्हें वास्तविकता को जानना है। हमारी मुक्ति हमारे विश्वास में आने के समय की तुलना में अब और अधिक नज़दीक आ गई है।
[12] रात बीत गयी है, दिन निकलने पर है। इसलिए हम अन्धेरे में किए जाने वाले कामों को छोड़ दें और रोशनी के हथियार पहन लें।
[13] आओ हम ऐसा जीवन जीएँ जैसा दिन के प्रकाश का होता है। लीला क्रीड़ा, नशा, गलत यौन सम्बंध, अनियन्त्रित काम वासना, झगड़ा और ईर्ष्या वाला जीवन नहीं।
[14] बल्कि यीशु मसीह को पहन लो और पुराने स्वभाव (शरीर) की अभिलाषाओं को पूरा करने का विचार मत करो।