[1] यहोवा का धन्यवाद करो, क्योंकि वह भला है; और उसकी करुणा सदा की है!
[2] इस्राएल कहे, उसकी करुणा सदा की है।
[3] हारून का घराना कहे, उसकी करुणा सदा की है।
[4] यहोवा के डरवैये कहे, उसकी करुणा सदा की है।
[5] मैंने सकेती में परमेश्वर को पुकारा , परमेश्वर ने मेरी सुनकर, मुझे चौड़े स्थान में पहुँचाया।
[6] यहोवा मेरी ओर है, मैं न डरूँगा। मनुष्य मेरा क्या कर सकता है? (रोम. 8:31, इब्रा. 13:6)
[7] यहोवा मेरी ओर मेरे सहायक है; मैं अपने बैरियों पर दृष्टि कर सन्तुष्ट होऊँगा।
[8] यहोवा की शरण लेना, मनुष्य पर भरोसा रखने से उत्तम है।
[9] यहोवा की शरण लेना, प्रधानों पर भी भरोसा रखने से उत्तम है।
[10] सब जातियों ने मुझ को घेर लिया है; परन्तु यहोवा के नाम से मैं निश्चय उन्हें नाश कर डालूँगा।
[11] उन्होंने मुझ को घेर लिया है, निःसन्देह, उन्होंने मुझे घेर लिया है; परन्तु यहोवा के नाम से मैं निश्चय उन्हें नाश कर डालूँगा।
[12] उन्होंने मुझे मधुमक्खियों के समान घेर लिया है, परन्तु काँटों की आग के समान वे बुझ गए; यहोवा के नाम से मैं निश्चय उन्हें नाश कर डालूँगा!
[13] तूने मुझे बड़ा धक्का दिया तो था, कि मैं गिर पड़ूँ, परन्तु यहोवा ने मेरी सहायता की।
[14] परमेश्वर मेरा बल और भजन का विषय है; वह मेरा उद्धार ठहरा है।
[15] धर्मियों के तम्बुओं में जयजयकार और उद्धार की ध्वनि हो रही है, यहोवा के दाहिने हाथ से पराक्रम का काम होता है,
[16] यहोवा का दाहिना हाथ महान हुआ है, यहोवा के दाहिने हाथ से पराक्रम का काम होता है!
[17] मैं न मरूँगा वरन् जीवित रहूँगा , और परमेश्वर के कामों का वर्णन करता रहूँगा।
[18] परमेश्वर ने मेरी बड़ी ताड़ना तो की है परन्तु मुझे मृत्यु के वश में नहीं किया। (2 कुरि. 6:9, इब्रा. 12:10,11)
[19] मेरे लिये धर्म के द्वार खोलो, मैं उनमें प्रवेश करके यहोवा का धन्यवाद करूँगा।
[20] यहोवा का द्वार यही है, इससे धर्मी प्रवेश करने पाएँगे। (यूह. 10:9)
[21] हे यहोवा, मैं तेरा धन्यवाद करूँगा, क्योंकि तूने मेरी सुन ली है, और मेरा उद्धार ठहर गया है।
[22] राजमिस्त्रियों ने जिस पत्थर को निकम्मा ठहराया था वही कोने का सिरा हो गया है। (1 पत. 2:4, लूका 20:17)
[23] यह तो यहोवा की ओर से हुआ है, यह हमारी दृष्टि में अद्भुत है।
[24] आज वह दिन है जो यहोवा ने बनाया है; हम इसमें मगन और आनन्दित हों।
[25] हे यहोवा, विनती सुन, उद्धार कर! हे यहोवा, विनती सुन, सफलता दे!
[26] धन्य है वह जो यहोवा के नाम से आता है! हमने तुम को यहोवा के घर से आशीर्वाद दिया है। (मत्ती 23:39, लूका 13:35, मर. 11:9,10, लूका 19:38)
[27] यहोवा परमेश्वर है, और उसने हमको प्रकाश दिया है। यज्ञपशु को वेदी के सींगों से रस्सियों से बाँधो!
[28] हे यहोवा, तू मेरा परमेश्वर है, मैं तेरा धन्यवाद करूँगा; तू मेरा परमेश्वर है, मैं तुझको सराहूँगा।
[29] यहोवा का धन्यवाद करो, क्योंकि वह भला है; और उसकी करुणा सदा बनी रहेगी!