[1] परमेश्वर, और यीशु मसीह जो दोबारा आकर मरे हुओं और जीवित लोगों का इन्साफ़ करेंगे और राज्य करेंगे, उनकी मौजूदगी में तुम्हें मैं यह आदेश देता हूँ,
[2] परमेश्वर का संदेश (वचन) सुनाओ, हर समय तैयार रहो। गलतियों का मुकाबला करो, लोगों को डाँटो, धीरज के साथ सिखाओ ताकि लोगों की हिम्मत बढ़े।
[3] एक समय आएगा, जब लोग सही शिक्षा को न सह सकेंगे, किन्तु अपनी पसन्द की बातों को सुनने और उन से सन्तुष्टि पाने के लिए ढेर सारे शिक्षकों को बटोर लेंगे।
[4] अपने कानों को सत्य से हटाकर वे अपना ध्यान खोखली कहानियों पर लगाएँगे।
[5] तुम सब बातों में सचेत रहो, दुख उठाओ, दूसरों तक सुसमाचार पहुँचाने का काम करते हुए अपनी सेवा को पूरा करो।
[6] मैं उण्डेले जाने वाली भेंट की तरह हूँ और इस पृथ्वी पर से मेरे जाने का समय आ गया है।
[7] मैंने प्रतियोगिता (कुश्ती) में पूरे तन मन से भाग लिया है। मैंने अपनी दौड़ पूरी कर ली है और विश्वास की रक्षा की है।
[8] धार्मिकता का वह मुकुट मेरे और उन सब के लिए रखा है जिसे, सच्चे जज (न्यायी) यीशु मुझे देंगे और केवल मुझे ही नहीं बल्कि यीशु के आने की चाहत रखने वाले सभी लोगों को उस दिन देंगे।
[9] मेरे पास जल्दी आ जाओ।
[10] आज की दुनिया की मोह-माया की चाहत की वजह से देमास मुझे छोड़ कर, थिस्सलुनीके चला गया है। क्रेसेंस गलतिया चला गया है तथा तीतुस दलमतिया।
[11] मात्र लूका मेरे साथ है। मरकुस को अपने साथ ले आओ, क्योंकि सेवकाई में वह मेरे लिए मददगार है।
[12] तुखिकुस को मैंने इफ़िसुस भेज दिया है।
[13] त्रोआस में कार्पुस के घर पर मेरा चोगा, किताबें तथा नोट्स (लेख) विशेषकर "पार्चमॅन्ट" छूट गए थे, आते समय वह सब ले आना।
[14] एलेक्ज़ेन्डर ठठेरे ने मेरी बहुत हानि की थी। उसकी करतूतों को मैंने परमेश्वर को सौंप दिया है।
[15] तुम भी उससे सम्भल कर रहना, क्योंकि उसने हमारे वचन का डट कर विरोध किया था।
[16] मेरी पेशी के समय, किसी ने मेरा साथ नहीं दिया, मुझे अकेला छोड़ दिया था। मैं प्रार्थना करता हूँ कि परमेश्वर उन सभी को माफ़ करें।
[17] फिर भी यीशु मेरी ओर थे और उन्हों ने मुझे हिम्मत दी, ताकि मेरे द्वारा पूरा-पूरा प्रचार हो, और सभी गैरयहूदियों तक संदेश पहुँचे। मैं शेर के मुँह से छुड़ा लिया गया था।
[18] यीशु मुझे हर एक बुरे हमले (योजना) से छुड़ाकर अपने स्वर्गिक राज्य के लिए सुरक्षित रखेंगे।
[19] युगानुयुग उन्हीं को महिमा मिले। ऐसा ही हो। उनेसिफ़ोरस के घराने, प्रिस्का और अक्विला को सलाम।
[20] इरास्तुस कुरिन्थुस ही में रह गया था, लेकिन लेनित्रुफ़िमुस को बीमारी की हालत में मैंने मिलेतुस में छोड़ा है।
[21] सर्दी शुरू होने से पहले आने की कोशिश करना। यहाँ यूबुलुस, पुदेंस, लायनस, क्लोदिया और दूसरे सभी विश्वासी सलाम कहते हैं।
[22] प्रभु यीशु तुम्हारी आत्मा के साथ हों और परमेश्वर की असीम कृपा भी। ऐसा ही हो।