Skip to content
Opens in a new window

[1] अय्योब ने फिर अपना वचन प्रारंभ किया:

[2] “उपयुक्त तो यह होता कि मैं उस स्थिति में जा पहुंचता जहां मैं कुछ माह पूर्व था, उन दिनों में, जब मुझ पर परमेश्वर की कृपा हुआ करती थी,

[3] जब परमेश्वर के दीपक का प्रकाश मेरे सिर पर चमक रहा था. जब अंधकार में मैं उन्हीं के प्रकाश में आगे बढ़ रहा था!

[4] ये मेरी युवावस्था के दिन थे, उस समय मेरे घर पर परमेश्वर की कृपा थी,

[5] उस समय सर्वशक्तिमान मेरे साथ थे, मेरे संतान भी उस समय मेरे निकट थे.

[6] उस समय तो स्थिति ऐसी थी, मानो मेरे पैर मक्खन से धोए जाते थे, तथा चट्टानें मेरे लिए तेल की धाराएं बहाया करती थी.

[7] “तब मैं नगर के द्वार में चला जाया करता था, जहां मेरे लिए एक आसन हुआ करता था,

[8] युवा सम्मान में मेरे सामने आने में हिचकते थे, तथा प्रौढ़ मेरे लिए सम्मान के साथ उठकर खड़े हो जाते थे;

[9] यहां तक कि शासक अपना वार्तालाप रोक देते थे तथा मुख पर हाथ रख लेते थे;

[10] प्रतिष्ठित व्यक्ति शांत स्वर में वार्तालाप करने लगते थे, उनकी तो जीभ ही तालू से लग जाती थी.

[11] मुझे ऐसे शब्द सुनने को मिलते थे ‘धन्य हैं वह’, जब मेरी दृष्टि उन पर पड़ती थी, यह वे मेरे विषय में कह रहे होते थे.

[12] यह इसलिये, कि मैं उन दीनों की सहायता के लिए तत्पर रहता था, जो सहायता की दोहाई लगाते थे. तथा उन पितृहीनों की, जिनका सहायक कोई नहीं है.

[13] उस व्यक्ति की समृद्धि, जो मरने पर था, मुझे दे दी गई है वह मैं था; जिसके कारण उस विधवा के हृदय से हर्षगान फूट पड़े थे.

[14] मैंने युक्तता धारण कर ली, इसने मुझे ढक लिया; मेरा न्याय का काम बाह्य तथा पगड़ी के समान थी.

[15] मैं दृष्टिहीनों के लिए दृष्टि हो गया तथा अपंगों के लिए पैर.

[16] दरिद्रों के लिए मैं पिता हो गया; मैंने अपरिचितों के न्याय के लिए जांच पड़ताल की थी.

[17] मैंने दुष्टों के जबड़े तोड़े तथा उन्हें जा छुड़ाया, जो नष्ट होने पर ही थे.

[18] “तब मैंने यह विचार किया, ‘मेरी मृत्यु मेरे घर में ही होगी तथा मैं अपने जीवन के दिनों को बालू के समान त्याग दूंगा.

[19] मेरी जड़ें जल तक पहुंची हुई हैं सारी रात्रि मेरी शाखाओं पर ओस छाई रहती है.

[20] सभी की ओर से मुझे प्रशंसा प्राप्त होती रही है, मेरी शक्ति का ह्रास नहीं हुआ मैं यही विचार करता रहा.’

[21] “वे लोग मेरे परामर्श को सुना करते थे, मेरी प्रतीक्षा करते रहते थे, इस रीति से वे मेरे परामर्श को शांति से स्वीकार भी करते थे.

[22] मेरे वक्तव्य के बाद वे प्रतिक्रिया का साहस नहीं करते थे; मेरी बातें वे ग्रहण कर लेते थे.

[23] वे मेरे लिए वैसे ही प्रतीक्षा करते थे, जैसे वृष्टि की प्रतीक्षा की जाती है, उनके मुख वैसे ही खुले रह जाते थे, मानो यह वसन्त ऋतु की वृष्टि है.

[24] वे मुश्किल से विश्वास करते थे, जब मैं उन पर मुस्कराता था; मेरे चेहरे का प्रकाश उनके लिए कीमती था.

[25] उनका प्रधान होने के कारण मैं उन्हें उपयुक्त हल सुझाता था; सेना की टुकड़ियों के लिए मैं रणनीति प्रस्तुत करता था; मैं ही उन्हें जो दुःखी थे सांत्वना प्रदान था.

अय्योब — Chapters