[1] यीशु मसीह के सेवक और याकूब के भाई यहूदा की तरफ़ से उन बुलाए हुओं के नाम जो परमेश्वर पिता के द्वारा पवित्र किये गए हैं तथा यीशु मसीह के लिए सुरक्षित हैं,
[2] तुम्हें कृपा, शान्ति और प्रेम बहुतायत से मिलता रहे।
[3] हे प्रियो, जब मैं उस मुक्ति के बारे में तुम्हें लिखने की हर कोशिश कर रहा था जिसमें हम सब शामिल हैं, तो मैंने यह लिखना और बिनती करना ज़रूरी समझा कि तुम उस विश्वास के लिए बड़़ी गर्मजोशी से कोशिश करते रहो जो हमेशा के लिए यीशु के लोगों को सौंपा गया था।
[4] क्योंकि तमाम लोग जो इस गुनाह के पहले ही से दोषी ठहराए जा चुके हैं, चुपके से हमारे बीच घुस गए हैं। वे दुष्ट हैं और परमेश्वर की कृपा को, अनियन्त्रित वासना में बदल चुके हैं। वे हमारे एक मात्र मालिक परमेश्वर और प्रभु यीशु मसीह का इन्कार करते हैं।
[5] मैं तुम्हें याद दिलाना चाहता हूँ यद्यपि तुम पहले से जानते थे कि मिस्त्र देश की गुलामी से निकाले हुए लोगों में से, भरोसा न रखने वालों को प्रभु ने बर्बाद कर डाला था।
[6] जिन स्वर्गदूतों ने अपने पहले पद को संभाल कर न रखा और अपने निवास को छोड़ डाला, उन्हें परमेश्वर ने सदा काल के लिए बेड़ियों से जकड़कर भयंकर इन्साफ़ के दिन के लिए अँधेरे में रखा है।
[7] जिस तरह से सदोम, अमोरा और उनके आस पास के इलाके, जो अस्वाभाविक यौन सम्बन्धों में डूबकर पराए लोगों की देह के पीछे पड़ गए थे, कभी न बुझने वाली आग की सज़ा पाकर एक नमूना ठहरे थे।
[8] ये स्वप्नदर्शी, उसी तरह देह को अशुद्ध करते, अधिकार का अनादर करते और प्रतिष्ठित लोगों की बुराई करते हैं।
[9] लेकिन प्रधान स्वर्गदूत मीकाईल ने जब मूसा की लाश के बारे में शैतान से बहस की, तो उसने बेइज़्ज़त करने वाले शब्दों का इस्तेमाल करने की हिम्मत न की, लेकिन कहा, "प्रभु तुम्हें डाँटें।"
[10] लेकिन ये लोग जिन बातों को समझते नहीं, उनके विरोध में बोलते हैं। और बेसमझ जानवरों की तरह जिन बातों को स्वभाव ही से जानते हैं, उन्हीं के द्वारा बर्बाद हो जाते हैं।
[11] धिक्कार उन पर, क्योंकि उन्हों ने कैन की जीवन शैली अपनायी, अपने लाभ के लिए बिना सोचे समझे बिलाम की सी गलती कर बैठे और कोरह की तरह बलवा करके बर्बाद हो गए।
[12] ये लोग तुम्हारी प्रेम सभाओं में तुम्हारे साथ शामिल तो होते हैं। ये बिना हिचकिचाहट अपना ही पेट भरने वाले रखवाले हैं। ये बिना पानी वाले बादल हैं, जिन्हें हवा उड़ा ले जाती है। पतझड़ के बिना फल वाले पेड़ हैं, जो दो बार मर चुके हैं और जड़ से उखड़ गए हैं।
[13] ये समुद्र की तेज़ लहरें हैं, जो अपनी बेशर्मी का झाग उछालते हैं। ये डावाँडोल तारे हैं, जिनके लिए सदा का गहरा अन्धेरा ठहराया गया है।
[14] हनोक ने भी जो आदम से सातवीं पीढ़ी में था, इन के बारे में यह भविष्यवाणी की थी, "देखो, प्रभु अपने लाखों पवित्र लोगों के साथ आए,
[15] ताकि सब दुष्टों का उनकी दुष्टता के कामों के लिए न्याय करें। इसलिए भी कि उन लोगों को दोषी ठहराएँ जिन्होंने यीशु के विषय अनाप-शनाप कहा था।
[16] ये कुड़कुड़ाने वाले, असंतुष्ट, अपनी वासनाओं के गुलाम, घमण्ड से भरकर बात करने वाले और अपने फ़ायदे के लिए लोगों की चापलूसी करने वाले लोग हैं।
[17] लेकिन हे प्रियो, तुम उन बातों को ज़रूर याद रखो जिन्हें हमारे प्रभु यीशु मसीह के प्रेरित पहले ही से कह चुके हैं।
[18] वे तुम से कहा करते थे, "अन्त के दिनों में ऐसे ठट्ठा करने वाले होंगे, जो अपनी दुष्टता से भरी अभिलाषाओं के अनुसार जीवन जीएँगे।"
[19] वे फूट डालने वाले, पवित्र आत्मा रहित और सांसारिक हैं।
[20] लेकिन हे प्रियो, तुम अपने अति पवित्र विश्वास में बढ़ते और पवित्र आत्मा में प्रार्थना करते हुए
[21] अपने आपको परमेश्वर के से प्रेम में बनाए रखो, तथा अनन्त (सदा काल के) जीवन के लिए बड़ी तत्परता से हमारे प्रभु यीशु मसीह की दया का इन्तज़ार करते रहो।
[22] जो शक करते हैं उन पर तरस खाओ
[23] झपटकर बहुतों को आग में से निकाल लो और दूसरों पर दया करो। यहाँ तक कि देह द्वारा दूषित कपड़ों से भी घृणा करो।
[24] अब जो तुम्हें ठोकर खाने से बचा सकते हैं और अपनी महिमा के समय तुम्हें निर्दोष और प्रसन्न हालत में खड़ा कर सकते हैं,
[25] उन एक मात्र परमेश्वर हमारे मुक्तिदाता की महिमा, गौरव, प्रभुता और अधिकार हमारे प्रभु यीशु मसीह के द्वारा जैसा हमेशा से है, अब भी हो और भविष्य में भी रहे। ऐसा ही हो।