[1] याहवेह ने मोशेह का आह्वान कर उन्हें मिलनवाले तंबू में से यह आदेश दिया
[2] “इस्राएल की प्रजा को यह आदेश दो: ‘जब कभी तुममें से कोई व्यक्ति याहवेह के लिए बलि अर्पण करे, वह यह बलि किसी गाय-बैलों या भेड़-बकरियों में से लेकर आए.
[3] “ ‘यदि उसकी होम बलि गाय-बैलों में से है, तो वह एक निर्दोष नर पशु को बलि करे, वह इस निर्दोष नर पशु को मिलनवाले तंबू के प्रवेश द्वार पर बलि करे कि वह याहवेह द्वारा स्वीकृत हो.
[4] वह व्यक्ति अपना हाथ इस होम बलि के सिर पर रखे कि यह बलि उसके पक्ष में प्रायश्चित बलि के रूप में स्वीकार की जाए.
[5] वह याहवेह के सामने गाय-बैलों के इस बछड़े को बलि करें और अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, इसके रक्त को उस वेदी के चारों ओर छिड़क दें, जो मिलापवाले तंबू के प्रवेश पर स्थित है.
[6] फिर तुम इस होम बलि की खाल उतारकर इसे टुकड़ों में काट देना.
[7] अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, वेदी पर अग्नि रखें और इस अग्नि पर लकड़ियों को सजाकर रखें.
[8] अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं; टुकड़ों, सिर और चर्बी को जलती हुई लकड़ियों पर, जो वेदी पर है सजाकर रखें.
[9] किंतु तुम उस पशु की आंतों और टांगों को जल से धोना और पुरोहित इन सभी को होम बलि के लिए वेदी पर दहन करे. यह याहवेह के लिए सुखद-सुगंध की होम बलि होगी.
[10] “ ‘किंतु यदि उसकी बलि भेड़-बकरियों में से होम बलि के लिए है, तो वह एक निर्दोष नर पशु को अर्पण करे.
[11] वह उसका वध याहवेह के सामने वेदी के उस ओर करे, जो उत्तरी दिशा की ओर है और अहरोन के पुत्र, जो पुरोहित हैं, इसके रक्त को वेदी के चारों ओर छिड़क दें.
[12] फिर वह इसके सिर और इसकी चर्बी को टुकड़ों में काट दें और पुरोहित इन्हें उन लकड़ियों पर जो अग्नि पर हैं यह अग्नि वेदी पर है, सजाकर रखें,
[13] किंतु आंतों और पैरों को वह जल से धोए और पुरोहित इन सभी को होम बलि के लिए वेदी पर जलाए. यह याहवेह के लिए सुखद-सुगंध की होम बलि होगी.
[14] “ ‘किंतु यदि उसकी बलि याहवेह के लिए पक्षियों की होम बलि है, तो वह अपनी बलि के लिए कपोत अथवा कबूतर के बच्चे लेकर आए.
[15] पुरोहित इसे वेदी पर लाए उसका सिर मरोड़ कर उसका वध करे तथा उसे वेदी पर जलाए. इसका रक्त वेदी की एक ओर जाए.
[16] वह उसके गले की थैली और परों को वेदी के पूर्वी ओर, जो राख डालने का स्थान है, फेंक दे.
[17] फिर वह उसके पंख पकड़कर फाड़ दे, किंतु उसे अलग न करे और पुरोहित इन सभी को होम बलि के लिए वेदी पर जलाए. यह याहवेह के लिए सुखद-सुगंध की होम बलि होगी.