Skip to content
Opens in a new window
Listen to this chapter • 3:38

[1] अन्त में भाइयो-बहनो, यीशु में खुश रहो। एक ही बात को बार-बार तुम्हें लिखे जाने में मुझे कोई परेशानी नहीं होती है, लेकिन तुम्हारे लिए फ़ायदेमन्द है।

[2] कुत्तों से सावधान रहो। बुरे काम करने वालों से सतर्क रहो! काट-कूट करने वालों से सावधान!

[3] हम वे यहूदी (खतना वाले) हैं जो आत्मा में परमेश्‍वर की आराधना करते हैं और मसीह यीशु में आनन्दित होते हैं और शारीरिक बातों पर भरोसा नहीं करते।

[4] हालाँकि मैं बाहरी रीति-रिवाज़ों (शरीर) में भरोसा करने का बहाना कर सकता था।

[5] मेरा खतना आठवें दिन हुआ था। इस्राएल के वंश में बेन्जामिन गोत्र का और इब्रियों का इब्री हूँ। जहाँ तक यहूदी धर्म की बात है, तो एक फ़रीसी हूँ।

[6] जोश की कहें तो मण्डली को सताने वाला, जहाँ तक नियमशास्त्र के आधार पर धार्मिकता की बात है, तो निर्दोष।

[7] जो कुछ मेरे लाभ का था, उन सब को मैंने मसीह की खातिर नुकसान समझ लिया।

[8] हाँ, मैं सचमुच में अपने प्रभु यीशु मसीह को जानने के सामने सब कुछ को नुकसान समझता हूँ। जिसके लिए मैंने सब तरह का नुकसान सह लिया और सब चीज़ों को कूड़ा समझता हूँ, ताकि मैं मसीह को हासिल कर सकूँ और उन में पाया जाऊँ।

[9] नियम शास्त्र को पालन करने से मिलने वाली मेरी अपनी धार्मिकता नहीं, लेकिन जो मसीह में विश्‍वास के कारण है और जो विश्‍वास के द्वारा परमेश्‍वर से आती है।

[10] ताकि मैं उन्हें, उनके जी उठने की शक्‍ति और उनकी मौत की समानता में उनके दुखों की सहभागिता जानूँ।

[11] और किसी तरह से मरे हुओं में से जी उठने की हालत तक पहुँच सकूँ।

[12] यह नहीं कि मैंने सब कुछ हासिल कर लिया है या सिद्ध बनाया जा चुका हूँ। लेकिन मैं आगे बढ़ता जाता हूँ ताकि मैं वह हासिल कर सकूँ, जिसके लिए मसीह यीशु ने मेरा चुनाव किया है।

[13] भाइयो-बहनो, मैं यह नहीं समझता कि मैं यह हासिल कर चुका हूँ। लेकिन एक काम करता हूँः पुरानी बातों को भूलकर आगे की बातों की ओर चला जा रहा हूँ।

[14] मैं मसीह यीशु में परमेश्‍वर की ऊपरी बुलाहट के ईनाम के लिए निशाने की तरफ़ बढ़ता हूँ।

[15] इसलिए हम में जो अच्छी समझदारी रखते हैं, यही मन रखें। यदि किसी विषय में तुम्हारा सोचना कुछ और है, तो परमेश्‍वर उसे तुम पर प्रगट करेंगे।

[16] किसी भी हालत में, हम ने जिस माप से हासिल किया है, उसी नियम से हम जीवन जिएँ और एक ही मन के रहें।

[17] भाइयो-बहनो, हम तुम्हारे लिए एक नमूना हैं इसलिए दूसरों के साथ मिलकर मेरी तरह जीवन जियो और उन्हें भी देखते रहो जो ऐसा करते हैं।

[18] बहुत से लोग मसीह के क्रूस के दुश्मन की तरह जीवन जी रहे हैं। अक्सर मैंने उनके बारे में तुम्हें बताया है और अभी रोते हुए कहता हूँ।

[19] उनका अन्त बर्बादी है। उनका ईश्‍वर उनका पेट है। अपनी शर्मनाक बातों पर उन्हें घमण्ड है। उनका सारा ध्यान दुनिया की बातों पर लगा हुआ है।

[20] लेकिन हमारी नागरिकता स्वर्ग की है। वहीं से हमें प्रभु यीशु मसीह के आने का इन्तज़ार है।

[21] वह हमारी नाश होने वाली देह को बदलेंगे, ताकि यह उनकी तेज भरी देह के समान हो जाए। ऐसा यीशु अपनी उस शक्‍ति से करेंगे, जो उन्हें सब वस्तुओं को अपने वश में करने के लायक बनाती है।

फ़िलिप्पियों — Chapters