[1] उस दिन तुम कहोगे: “याहवेह, मैं आपका आभार मानूंगा. यद्यपि आप मुझसे क्रोधित थे, अब आपका गुस्सा शांत हो गया और आपने मुझे शांति दी है.
[2] परमेश्वर मेरे उद्धारकर्ता हैं; मैं भरोसा रखूंगा और न डरूंगा. क्योंकि परमेश्वर याहवेह मेरा बल और मेरा गीत हैं; वे मेरे उद्धारकर्ता हो गए हैं.”
[3] तुम उद्धार के स्रोतों से आनंदपूर्वक जल भरोगे.
[4] उस दिन तुम कहोगे कि: “याहवेह की प्रशंसा करो, उनके नाम की दोहाई दो; राज्यों में उनके कामों का प्रचार करो, उन्हें यह याद दिलाओ कि प्रभु का नाम गौरवान्वित है.
[5] गीतों से याहवेह की स्तुति करो, क्योंकि उन्होंने प्रतापमय काम किए हैं; और सारी पृथ्वी पर यह प्रकट हो जाए.
[6] ज़ियोन के लोगों, ऊंचे स्वर से जय जयकार करो, क्योंकि इस्राएल के पवित्र परमेश्वर तुम्हारे साथ हैं.”