Skip to content
Opens in a new window
Tum Aaye | Pratibha Katiyar
12 November 2026

Tum Aaye | Pratibha Katiyar

Pratidin Ek Kavita

About

तुम आए । प्रतिभा कटियार


आज एक नदी मुझसे मिलने आई मेरे घर


फिर आया एक पूरा जंगल

आया जंगल तो आए परिंदे भी


फिर मैंने देखा खिड़की से झाँक रहा था बादल

लिए ढेर सारी बारिश


खोली खिड़की तो आ गया बादल भी बारिश समेत

अलसाता इठलाता समंदर आया कुछ देर बाद


राग मल्हार आया तो साथ आया मारवा भी

मीर आए बाद में पहले फ़ैज़ और ग़ालिब आए


पीले लिबास में सजी मुस्कुराहटें आईं आहिस्ता-आहिस्ता

रजनीगंधा आए तमाम साथ अपने लाए सूरजमुखी


तुम आए तो आज इस घर में देखो न

चला आया क़ुदरत का समूचा कारोबार


इस धरती को ख़ूबसूरत बनाने का ख़्वाब

जो रहता था इस घर में


ये सब आए उस ख़्वाब को बचाने की ख़ातिर

तुम आए तो आई उम्मीद, शांति, प्यार


तुम आए तो आई बहार

जब देख रही थी मैं इन सबको अपने घर में


आँखें खुली हुई थीं कि ये कोई ख़्वाब नहीं था

कि मेरी हथेलियाँ जब हों तुम्हारे हाथों में


ख़्वाब कोई नामुमकिन कहाँ रह जाता है।